February 16, 2026

अपर सचिव डॉ. सज्जन सिंह यादव ने गदरपुर में महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण विकास और जनकल्याण योजनाओं का किया व्यापक निरीक्षण

Spread the love

उत्तराखंड में ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण और जनकल्याण को गति देने के उद्देश्य से भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के अपर सचिव डॉ. सज्जन सिंह यादव ने सोमवार को आकांक्षी विकास खंड गदरपुर के ग्राम रामबाग और आसपास के क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन की समीक्षा की और स्थानीय जनता से संवाद स्थापित किया।

 

डॉ. यादव ने “नारी शक्ति रजाई ग्रोथ सेंटर, रामबाग” का निरीक्षण किया और स्वंय सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों का अवलोकन कर उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि महिला स्वावलंबन सरकार की प्राथमिकता है और ऐसे ग्रोथ सेंटर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा दे रहे हैं। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र और प्राथमिक विद्यालय रामबाग का निरीक्षण कर पोषण, शिक्षा और स्वच्छता की व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

 

इसके अलावा उन्होंने स्थानीय किसान प्रकाश चंद मल्लिक की ड्रैगन फ्रूट खेती का अवलोकन किया और इसे कृषि विविधीकरण का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। “आरोग्य मंदिर” में स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण कर उन्होंने केंद्र और राज्य की स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की जानकारी ली।

 

जिला सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने आकांक्षी जनपद एवं ब्लॉकों में किये जा रहे विभिन्न कार्यों, योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी। बैठक में पीएम आवास, आयुष्मान कार्ड, हर घर नल-हर घर जल, आंगनबाड़ी, पोषण, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा और कचरा प्रबंधन से जुड़े व्यापक कार्यों की समीक्षा की गई।

 

इस अवसर पर जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और संबंधित विभाग प्रमुख उपस्थित रहे, जिन्होंने केंद्र एवं राज्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास पर चर्चा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *