April 1, 2026

वार्ड 10 के लोगों को दो दशक बाद मिली सड़क की सौगात, महापौर विकास शर्मा ने किया सड़क निर्माण का शिलान्यास

Spread the love

मुकेश कुमार संवाददाता/अमन केसरी न्यूज

रुद्रपुर :-  महापौर विकास शर्मा ने विकास की कड़ी में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ट्रांजिट कैंप, वार्ड संख्या 10 में पिछले 20 वर्षों से बदहाल पड़ी सड़क के निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। 8.73 लाख की लागत से बनने वाली यह सीसी सड़क भूपराम के घर से लक्ष्मण दास गुप्ता के घर तक निर्मित की जाएगी। वर्षों से लंबित इस मांग के पूरा होने पर क्षेत्रीय पार्षद मुकेश रस्तौगी और स्थानीय निवासियों ने महापौर का जोरदार स्वागत किया और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आभार जताया। इस दौरान वार्डवासियों ने मिष्ठान वितरण कर खुशी का इजहार भी किया।

इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा ने कहा कि यह सड़क पिछले दो दशकों से उपेक्षित थी। पार्षद मुकेश रस्तौगी के निरंतर आग्रह और जनभावनाओं को देखते हुए नगर निगम ने इसे प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृत किया है। जल्द ही यह मार्ग बनकर तैयार हो जाएगा। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्य में गुणवत्ता की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस सड़क के बनने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि साथ में बनने वाली नालियों से क्षेत्र की जल निकासी की समस्या का भी स्थायी समाधान होगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विजन को साझा करते हुए महापौर ने कहा कि उनके मार्गदर्शन में रुद्रपुर को एक आदर्श शहर बनाने का काम युद्ध स्तर पर जारी है। उन्होंने बताया कि नगर निगम ने महज एक वर्ष के भीतर 102 करोड़ के विकास कार्यों को धरातल पर उतारा है। पहले चरण में हमने 56 कार्यों का शिलान्यास किया था, और अब दूसरे चरण में 75 नए कार्यों की श्रृंखला शुरू की गई है। शहर के किसी भी वार्ड में अब कोई भी गली कच्ची नहीं रहेगी। हमारा लक्ष्य हर खस्ताहाल सड़क को चमकाना है।

महापौर ने कहा कि ट्रांजिट कैंप में गृहकर लागू करने की मांग पर नगर निगम ने विस्तृत खाका तैयार कर लिया है। इससे क्षेत्र के हजारों वाशिंदों को उनके मकानों का मालिकाना हक मिल सकेगा। उन्होंने कहा ट्रांजिट कैंप की जनता ने हर चुनाव में भारतीय जनता पार्टी पर अटूट विश्वास जताया है। आपने मुझे जो प्यार और वोट दिया है, मैं विकास के जरिए उस एक-एक वोट का कर्ज चुकाऊंगा। जनता से किया गया हर वादा शत-प्रतिशत धरातल पर उतारा जाएगा।

महापौर ने कहा कि जल्द ही नगर निगम की टीम हर वार्ड में सीधे जनता के बीच पहुंचेगी, ताकि स्थानीय समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया जा सके। उन्होंने प्रदेश की धामी सरकार की उपलब्धियों को एतिहासिक बताते हुए कार्यकर्ताओं और जनता से आह्वान किया कि विकास की इस गति को बनाए रखने के लिए आगामी 2027 में पुनः भाजपा की सरकार बनाने हेतु अभी से जुट जाएं।

इस अवसर पर मुख्य रूप से पार्षद मुकेश रस्तौगी, पार्षद राजेश जग्गा सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।

खबर व विज्ञापन के लिए संपर्क करें

मो.8218474080

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed