दर्दनाक सड़क हादसा, दो युवकों की मौत, एक मासूम गंभीर घायल

रामनगर-बाजपुर मार्ग पर सोमवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। बैलपड़ाव क्षेत्र में दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, रामनगर के खताड़ी गांव निवासी 40 वर्षीय शरीफ पुत्र जलील अपनी पत्नी और 9 वर्षीय बेटे मोहम्मद साद के साथ किसी काम से बाजपुर क्षेत्र आए थे। वापसी के दौरान उनकी बाइक सामने से आ रही बाजपुर के खंबारी गांव निवासी 22 वर्षीय सूरज पुत्र धर्म सिंह की बाइक से आमने-सामने भिड़ गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए। हादसे में शरीफ और उनका बेटा मोहम्मद साद गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि सूरज को भी गहरी चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने शरीफ और सूरज को मृत घोषित कर दिया।
हादसे की खबर मिलते ही दोनों गांवों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक शवों का पोस्टमार्टम कराए जाने की तैयारी चल रही थी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मार्ग पर वाहनों की तेज रफ्तार और अंधेरा होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने प्रशासन से सड़क पर स्पीड ब्रेकर और चेतावनी बोर्ड लगाए जाने की मांग की है।
