कुमाऊं में नशा तस्करी का बड़ा खुलासा, एसएसपी मणिकांत मिश्रा की सख्ती से 3.10 करोड़ की स्मैक संग अंतरजनपदीय तस्कर गिरफ्तार, पुलिस ने नशा नेटवर्क तोड़ा

किच्छा (संवाददाता)
उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। कोतवाली किच्छा पुलिस और STF/ANTF कुमाऊं यूनिट की संयुक्त कार्रवाई में अंतरजनपदीय नशा तस्कर सहनवाज को 01 किलो 33 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 03 करोड़ 10 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त स्मैक को बरेली के बहेड़ी क्षेत्र के एक व्यक्ति से प्राप्त कर सितारगंज क्षेत्र के हरजिंदर नामक व्यक्ति को सप्लाई करने जा रहा था। गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। बरामदगी के आधार पर थाना किच्छा में FIR संख्या 30/2026 के तहत धारा 8/21/60 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। अभियुक्त को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जाएगा।
इस कार्रवाई में क्षेत्राधिकारी सितारगंज भूपेंद्र सिंह धोनी, प्रभारी निरीक्षक किच्छा प्रकाश सिंह दानू, STF/ANTF कुमाऊं यूनिट के निरीक्षक पावन स्वरूप समेत कई पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस ने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और देवभूमि को नशामुक्त बनाने के लिए कड़ी कार्रवाई लगातार की जा रही है।
इस गिरफ्तारी के बाद कुमाऊं में नशा तस्करी का बड़ा नेटवर्क धराशायी होने की संभावना है।
