February 16, 2026

शादी डॉट कॉम प्रोफाइल से ठगी और धर्म परिवर्तन दबाव का मामला, आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

रुद्रपुर, संवाददाता।

ऑनलाइन वैवाहिक वेबसाइट पर फर्जी पहचान बनाकर शादी करने और बाद में दहेज माँगने व धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ऊधमसिंहनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।

 

थाना नानकमत्ता क्षेत्र निवासी पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि आरोपी ने shadi.com पर स्वयं को मनीष चौधरी नाम से प्रस्तुत किया और दिसंबर 2024 में प्रेम पैलेस, नानकमत्ता में हिन्दू रीति-रिवाज से उससे विवाह किया। विवाह के बाद शुरू में सब सामान्य रहा, लेकिन धीरे-धीरे आरोपी और उसका परिवार ₹2 लाख नकद, एक कार और सोने के आभूषण की माँग करने लगे। विरोध करने पर गाली-गलौज व मारपीट हुई। 21 फरवरी 2025 को ससुरालियों ने पीड़िता को बुरी तरह पीटा और घर से निकाल दिया।

 

घर छोड़ने के बाद पीड़िता को आरोपी की असली पहचान का पता चला। वह युवक दरअसल मोनिश पुत्र इरशाद अहमद है, जो विशेष समुदाय से संबंध रखता है और मेरठ निवासी है। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी पहले से ही विवाहशुदा है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी और उसके परिजन धर्म परिवर्तन का दबाव बनाते थे और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।

 

पीड़िता की शिकायत पर थाना नानकमत्ता पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर विवेचना उपनिरीक्षक रजनी गोस्वामी को सौंपी। आरोपी को दिनेशपुर क्षेत्र से 6 सितंबर 2025 को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने फर्जी प्रोफाइल बनाकर शादी करने, दहेज माँगने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डालने की बात स्वीकार की।

 

एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने कहा कि महिलाओं से धोखाधड़ी, दहेज प्रताड़ना और जबरन दबाव डालने जैसे अपराध किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में त्वरित और कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *