पिता की हत्या: नशेड़ी बेटे ने पैसों के लिए उतारा मौत के घाट

उत्तराखंड के नैनीताल जिले के भवाली क्षेत्र से एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। नगरीगांव कैलाश व्यू इलाके में बेटे ने ही अपने पिता की हत्या कर दी। आरोप है कि शराब के आदी बेटे ने पैसों की खातिर पिता को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी सचिन ने शनिवार को अपने 65 वर्षीय पिता राजकुमार से रुपए मांगे थे। जब उन्होंने देने से इंकार किया तो सचिन भड़क गया और गुस्से में पिता पर टूट पड़ा। हमले के चलते राजकुमार की मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस बीच आरोपी सचिन भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे धर दबोचा।
फॉरेंसिक टीम ने मौके से अहम साक्ष्य जुटाए। मामले की जांच भवाली पुलिस क्षेत्राधिकारी दीपशिखा अग्रवाल और कोतवाल प्रकाश मेहरा की निगरानी में की जा रही है।
एसपी सिटी डॉ. जगदीश चंद्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पैसों को लेकर हुए विवाद का है। आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
