February 16, 2026

कांग्रेस सृजन कार्यक्रम में मारपीट मामला, सीपी शर्मा और मोहन खेड़ा समेत 12 पर क्रॉस मुकदमा दर्ज

Spread the love

रुद्रपुर। कांग्रेस के सृजन कार्यक्रम के दौरान दो गुटों में हुई जोरदार मारपीट और हंगामे का मामला तूल पकड़ गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर कांग्रेस महानगर अध्यक्ष सीपी शर्मा और पूर्व मेयर प्रत्याशी मोहन खेड़ा समेत 12 लोगों के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

 

गुरुवार को सिटी क्लब में कांग्रेस का सृजन कार्यक्रम आयोजित हुआ था। जिलाध्यक्ष और नगर अध्यक्ष चयन को लेकर हुई रायशुमारी के दौरान मंच संचालन को लेकर विवाद खड़ा हो गया। आरोप है कि कांग्रेस नेता संजय जुनेजा ने शोर-शराबा कर माहौल खराब किया और इसके बाद धक्का-मुक्की से मारपीट शुरू हो गई। इसमें कांग्रेस नेता राजेंद्र मिश्रा घायल हो गए। सीपी शर्मा की तहरीर में कहा गया कि संजय जुनेजा, मोहन खेड़ा, राजेंद्र मिश्रा और अन्य ने गालीगलौज और हाथापाई कर माहौल बिगाड़ा। पार्षद सौरभ बेहड़ पर ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष नंद किशोर गंगवार को थप्पड़ मारने का भी आरोप है।

 

वहीं, दूसरे पक्ष से मोहन खेड़ा ने तहरीर दी कि विवाद की जड़ जिला पंचायत सदस्य पद का टिकट न मिलने की रंजिश थी। उनका आरोप है कि संदीप चीमा, सीपी शर्मा, दीपक शर्मा, आशीष यादव, नंद किशोर गंगवार समेत कई लोगों ने राजेंद्र मिश्रा पर हमला कर जान से मारने की कोशिश की और जबरन कार में बैठाने का प्रयास किया।

 

पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 115, 351(2), 352 के तहत क्रॉस मुकदमे दर्ज किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विवेचना शुरू कर दी गई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *