February 16, 2026

सुचित्रा आत्महत्या मामला: कोर्ट के आदेश पर पति-ससुरालियों पर मुकदमा दर्ज, परिजनों ने प्रताड़ना और मानसिक उत्पीड़न का लगाया आरोप

Spread the love

 

रुद्रपुर।

ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में नवंबर 2025 में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले ने अब कानूनी मोड़ ले लिया है। अदालत के आदेश पर पुलिस ने मृतका के पति समेत ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।

मृतका की मां दिपाली दास ने अदालत में दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि उनकी बेटी सुचित्रा दास की शादी वर्ष 2022 में पश्चिम बंगाल निवासी अभिजीत भद्र से प्रेम विवाह के रूप में हुई थी। शादी के बाद दंपति रुद्रपुर आकर ट्रांजिट कैंप इलाके में किराये के मकान में रहने लगे। इस दौरान पति के काम के सिलसिले में बाहर आने-जाने के कारण सुचित्रा पर ससुराल पक्ष का दबाव बढ़ता गया।

शिकायत के अनुसार, सास शिप्रा भद्र और जेठ विश्वजीत भद्र द्वारा सुचित्रा को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। आरोप है कि जब पीड़िता ने इस उत्पीड़न की शिकायत अपने पति से की, तो उसने भी कथित तौर पर अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया। लगातार मानसिक तनाव के चलते सुचित्रा अवसाद में चली गई।

बताया गया कि 8 नवंबर 2025 की रात सुचित्रा दास का शव ट्रांजिट कैंप स्थित किराये के मकान के कमरे में फंदे से लटका मिला था। परिजनों का आरोप है कि यह आत्मघाती कदम ससुराल पक्ष की प्रताड़ना और उकसावे का नतीजा है।

मृतका की मां ने यह भी बताया कि घटना के बाद 13 नवंबर 2025 को थाने में तहरीर दी गई और बाद में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को भी शिकायत भेजी गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि कोर्ट के निर्देश पर पति समेत ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *