February 16, 2026

चोरों का आतंक: वरिष्ठ पत्रकार के घर से लाखों के जेवर चोरी, चार दिन में पांच घरों में हाथ साफ, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की

Spread the love

रुद्रपुर।

शहर में चोरी की बढ़ती घटनाओं ने आमजन के साथ-साथ मीडिया जगत को भी चिंता में डाल दिया है। बीते चार दिनों के भीतर रुद्रपुर में लगातार पांच बंद घरों को चोरों ने निशाना बनाकर लाखों रुपये की नगदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया, जिससे पूरे शहर में दहशत का माहौल बना हुआ है।

ताजा मामला नैना कॉलोनी का है, जहां चोरों ने रुद्रपुर के वरिष्ठ पत्रकार सत्यपाल अरोड़ा के बंद मकान को खंगाल दिया। पीड़ित पत्रकार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह 9 जनवरी को घर में ताला लगाकर देहरादून गए हुए थे, जबकि उनकी पत्नी बिजनौर गई थीं। सोमवार सुबह जब दोनों घर लौटे तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो कमरों के दरवाजे खुले थे और अलमारी व डबल बेड के सामान बिखरे पड़े थे।

चोर घर से करीब छह तोला सोने के जेवरात और लगभग डेढ़ लाख रुपये की नगदी चोरी कर ले गए। सूचना मिलने पर कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।

गौरतलब है कि इससे पहले ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में दो मकानों और एक जनसेवा केंद्र में चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। वहीं रविवार को प्रीत विहार इलाके में दिनदहाड़े एक ट्रांसपोर्टर के घर से करीब 36 लाख रुपये के जेवर और दो लाख रुपये की नगदी चोरी कर ली गई थी।

लगातार हो रही वारदातों से शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और सभी मामलों की गहन जांच की जा रही है। जल्द ही चोरी की घटनाओं का खुलासा करने का दावा पुलिस ने किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *