February 16, 2026

त्योहारी सीजन पर खाद्य विभाग की सख्ती, मॉल से कुट्टू के आटे का सैंपल लिया

Spread the love

रुद्रपुर। जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीम ने शनिवार को शहर के मुख्य बाजार में मॉल, मिनी मॉल और डिपार्टमेंटल स्टोरों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने एक मॉल से कुट्टू के आटे का सैंपल लेकर जांच के लिए राज्य खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला को भेजा है।

 

खाद्य विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर डॉ. प्रकाश फुलारा के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में टीम ने विशाल मेघामार्ट, रिलायंस मॉल समेत कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। डॉ. फुलारा ने बताया कि त्योहारी सीजन को देखते हुए कुट्टू के आटे सहित अन्य खाद्य सामग्रियों की जांच की जा रही है। संदिग्ध सामग्री मिलने पर सैंपल लेकर लैब भेजा जा रहा है।

 

उन्होंने कारोबारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जनमानस के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाली मिलावटी खाद्य सामग्री बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण अभियान में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अपर्णा शाह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशा आर्या और पंकज कुमार भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *