February 16, 2026

उधम सिंह नगर में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, छह अवैध शराब भट्टियाँ ध्वस्त, भारी मात्रा में कच्ची शराब बरामद

Spread the love

अवैध मद्य निष्कर्षण और बिक्री पर लगाम कसने के लिए आबकारी विभाग ने उधम सिंह नगर में सघन अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की।

रुद्रपुर। आबकारी आयुक्त उत्तराखंड के निर्देश पर चलाए जा रहे जनपदीय अभियान के तहत उधम सिंह नगर में शनिवार को आबकारी विभाग की टीम ने अवैध शराब के अड्डों पर कड़ा प्रहार किया। संयुक्त आबकारी आयुक्त कुमाऊं मंडल के निर्देशन और जिला आबकारी अधिकारी के नेतृत्व में गठित प्रवर्तन टीम ने ग्राम रायपुर के जंगल क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया।

 

अभियान के दौरान टीम को छह अवैध शराब भट्टियाँ चलती अवस्था में मिलीं, जिन्हें मौके पर ही ध्वस्त कर दिया गया। इस कार्रवाई में 350 पाउच कच्ची शराब, कुल 90 लीटर अवैध शराब, 30 लीटर से भरा एक ड्रम तथा करीब 1500 किलोग्राम लहान नष्ट किया गया। साथ ही शराब बनाने में प्रयुक्त उपकरण और सामग्री भी जप्त की गई।

 

कार्रवाई में आबकारी निरीक्षक बृजेश नारायण जोशी, महेंद्र सिंह बिष्ट, लालू राम, उप निरीक्षक विजेंद्र सिंह, देवेंद्र कुमार, जगदीश कुमार तथा विभागीय सिपाही शामिल रहे।

 

आबकारी विभाग ने बताया कि यह अभियान क्षेत्र में अभी भी जारी है। विभाग ने साफ किया कि अवैध मद्य निष्कर्षण एवं बिक्री की गतिविधियों पर रोकथाम और वैध व सुरक्षित मद्य व्यापार व्यवस्था स्थापित करने के लिए आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *