February 16, 2026

‘मां-पिताजी माफ करना’, पंतनगर में बीटेक छात्र ने की आत्महत्या

Spread the love

पंतनगर। पंतनगर विश्वविद्यालय के प्रथम वर्ष के बीटेक छात्र ने शुक्रवार को छात्रावास के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिसर में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के पास से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है।

 

जानकारी के अनुसार, मूलरूप से किच्छा क्षेत्र के दरऊ निवासी 19 वर्षीय नीरज पुत्र छोटे लाल बीटेक इलेक्ट्रिकल प्रथम वर्ष का विद्यार्थी था। वह विपिन सिंह रावत छात्रावास के कमरे नंबर 75 में रह रहा था। शुक्रवार को वह क्लास में नहीं गया, जबकि उसके साथी छात्र कक्षाओं के लिए निकल गए थे। दोपहर बाद लौटे साथियों ने जब दरवाजा खटखटाया तो कोई उत्तर नहीं मिला। संदेह होने पर उन्होंने वार्डन को सूचना दी।

 

वार्डन ने खिड़की का शीशा तोड़कर देखा तो नीरज कमरे के भीतर फंदे से लटका मिला। इसके बाद सुरक्षा अधिकारी और पुलिस को तत्काल जानकारी दी गई। थानाध्यक्ष नंदन सिंह रावत पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे और दरवाजा खोलकर शव को बाहर निकाला।

 

पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें नीरज ने माता-पिता से क्षमा मांगते हुए जीवन समाप्त करने का जिक्र किया है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक नीरज अपनी पढ़ाई, खासकर अंग्रेजी विषय में कमजोरी को लेकर मानसिक दबाव में था। हालांकि पुलिस ने कहा है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *