February 16, 2026

खेड़ा में बड़ी कार्रवाई: मदरसा सोसाइटी द्वारा कब्जाई 8 एकड़ नजूल भूमि प्रशासन ने छुड़ाई, बुलडोज़र चलाकर अवैध चारदीवारी ध्वस्त; क्षेत्र में तगड़ा पुलिस बंदोबस्त

Spread the love

रुद्रपुर। खेड़ा स्थित ईदगाह क्षेत्र में नजूल भूमि पर किए गए बड़े पैमाने के अवैध अतिक्रमण पर आज जिला प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की। सुबह प्रशासन, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम भारी सुरक्षा के बीच मौके पर पहुंची और 8 एकड़ भूमि पर बनाई गई अवैध चारदीवारी को ध्वस्त कर जमीन को कब्जे में ले लिया।

 

अतिक्रमणकारियों द्वारा ईदगाह की आड़ में मदरसा सोसाइटी के नाम पर नजूल भूमि पर चारदीवारी खड़ी कर अवैध कब्जा किया गया था। नगर निगम को सूचना मिलते ही टीम ने ड्रोन सर्वे कर भूमि की नापजोख और सीमांकन कराया, जिसके बाद ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू की गई।

 

कार्रवाई के दौरान पुलिस और पीएसी का भारी बंदोबस्त किया गया था। खेड़ा जाने वाली सड़क पर यातायात रोककर केवल स्थानीय निवासियों को ही प्रवेश दिया गया। ध्वस्तीकरण के बाद प्रशासन ने जमीन पर बोर्ड लगाकर सरकारी कब्जा स्पष्ट कर दिया।

 

एडीएम कस्तुभ मिश्रा ने बताया कि पूरी 8 एकड़ नजूल भूमि को आज प्रशासन ने पुनः अपने कब्जे में ले लिया है। चारदीवारी के रूप में अवैध निर्माण किए गए थे, जिन्हें पूरी तरह से तोड़ दिया गया है।

 

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए हैं। हल्द्वानी कार्यक्रम में उन्होंने कहा था कि सरकारी भूमि पर किसी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

 

आज की यह कार्रवाई उसी सख्ती का हिस्सा मानी जा रही है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि सरकारी भूमि पर किसी भी तरह के अतिक्रमण को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *