ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर महिला से 4.36 लाख की ठगी

रुद्रपुर। ऑनलाइन गेमिंग की आड़ में साइबर फ्रॉड का मामला सामने आया है। रुद्रपुर निवासी एक महिला ने कोतवाली में तहरीर देकर शिकायत की है कि उनके नाबालिग बेटे के ऑनलाइन गेम खेलने के दौरान अज्ञात व्यक्ति ने चार लाख से अधिक की रकम खाते से निकाल ली।
कोतवाली पुलिस के अनुसार, श्यामा श्याम गार्डन निवासी पारुल पत्नी दिग्विजय सिंह ने दी तहरीर में बताया कि उनका पुत्र रुद्रविजय सिंह फरवरी 2025 से 31 जुलाई 2025 के बीच Free Fire Max ऑनलाइन गेम खेल रहा था। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने गेमिंग के बहाने धोखाधड़ी कर उनके बैंक खाते से 4,36,000 रुपये निकाल लिए।
पीड़िता ने बताया कि मामले की जानकारी साइबर सेल को भी दी गई थी, लेकिन अब तक धन वापसी नहीं हुई। महिला ने पुलिस से रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि साइबर फ्रॉड में संलिप्त आरोपी का पता लगाने के लिए साइबर सेल के साथ समन्वय किया जा रहा है।
