February 16, 2026

हमला और छेड़छाड़ मामले में कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज

Spread the love

रुद्रपुर, संवाददाता। परिवार से मारपीट और महिला से छेड़छाड़ मामले में कोर्ट के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, हनुमान मंदिर गली, रम्पुरा निवासी अनूप कोली ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रार्थना पत्र दाखिल कर पड़ोसी नेमपाल और उसके परिवार पर नशे के कारोबार, मारपीट, लूट और छेड़छाड़ के आरोप लगाए थे। आरोप है कि थाने व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को सूचना देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिससे मजबूर होकर उसे न्यायालय का दरवाजा खटखटाना पड़ा।

 

अनूप का आरोप था कि नेमपाल अपने घर से किराने की दुकान की आड़ में नशे का कारोबार करता है, जहां देर रात तक नशा करने वालों का जमावड़ा रहता है। आरोप है कि ये लोग महिलाओं से छेड़खानी और अभद्र टिप्पणी करते हैं। अनूप ने बताया कि 23 मार्च की रात समझाने पर नेमपाल और उसके परिवार ने लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से उसके घर में घुसकर हमला किया। इस दौरान उसकी पत्नी आरती से छेड़छाड़, कपड़े फाड़ने और सोने की चेन लूटने का आरोप भी लगाया गया। मारपीट में अनूप, उसके पिता, पत्नी और भाइयों को गंभीर चोटें आईं, जिनका इलाज जिला अस्पताल में कराया गया था। वहीं कोतवाली और एसएसपी ऑफिस में शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई तो परिवार कोर्ट की शरण में पहुंचा। कोर्ट के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *