रुद्रपुर में साइबर ठगों का कहर, दो पीड़ितों के बैंक खातों से 3 लाख से अधिक की निकासी, पुलिस में शिकायत दर्ज

रुद्रपुर। जिले में साइबर अपराधियों ने दो अलग-अलग लोगों को निशाना बनाकर लाखों रुपये ठग लिए। पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहला मामला रुद्रपुर निवासी सोमेन गोरोई का है। उन्होंने बताया कि 28 अगस्त 2025 को उनके खातों से 59,00 रुपये, 1,000 रुपये, 50,000 रुपये, 17,050 रुपये और 50,000 रुपये की रकम टेलीग्राम एप के जरिए ठगी गई। अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें लालच दिया कि कम पैसे लगाकर ज्यादा रिटर्न मिलेगा, इसी झांसे में उनके खाते से कुल 1,23,950 रुपये निकाल लिए गए।
दूसरा मामला नरेंद्र चंद्र का है, जिनके चार अलग-अलग खातों से 27 जुलाई 2025 को शाम 7:30 बजे 1,92,800 रुपये अनधिकृत तरीके से निकाल लिए गए। इसमें 1 लाख रुपये Yes Bank, 60 हजार रुपये PNB, 12 हजार रुपये Canara Bank (फरीदाबाद) और 20,800 रुपये Canara Bank (रुद्रपुर) से निकाले गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी के साथ उन्होंने पासवर्ड, ओटीपी या अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं की।
दोनों पीड़ितों ने संबंधित बैंकों में शिकायत दर्ज करने के साथ पुलिस से कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
