रुद्रपुर में तमंचा व चाकू संग दो युवक गिरफ्तार, सोशल मीडिया पर viral हुआ था वीडियो

रुद्रपुर। कोतवाली पुलिस ने एफएसएल रोड पर चेकिंग के दौरान दो युवकों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवकों के पास से 12 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और धारदार चाकू बरामद हुआ है। दोनों पर आयुध अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
मामला रविवार रात का है। उ0नि0 प्रदीप कुमार पुलिस टीम के साथ गश्त पर थे, तभी मुखबिर की सूचना पर इंदिरा चौक होते हुए एफएसएल रोड पर दबिश दी गई। वहां खड़े दो संदिग्धों को घेराबंदी कर दबोच लिया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान जयदेव बाल्मीकि (22) पुत्र नन्हे, निवासी बाल्मीकि मंदिर के पास, वार्ड संख्या-19, खेडा, रुद्रपुर तथा राजा बाल्मीकि (20) पुत्र बाबू लाल, निवासी बाल्मीकि मंदिर के पास, वार्ड संख्या-19, खेडा, रुद्रपुर के रूप में हुई।
तलाशी में जयदेव के पास से 12 बोर का तमंचा और एक कारतूस जबकि राजा के पास से करीब 31.5 सेंटीमीटर लंबा नाजायज चाकू मिला। दोनों हथियार चालू हालत में पाए गए। लाइसेंस तलब करने पर आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके और माफी मांगने लगे।
पुलिस ने तमंचा और चाकू को सील कर कब्जे में लिया और दोनों आरोपियों को धारा 3/25 व 4/25 आयुध अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया..
