प्रेमिका से अलगाव के बाद युवक ने किया हंगामा, लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप में रविवार शाम उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवती के कमरे में उसका पूर्व प्रेमी पहुंच गया। आरोप है कि युवक पुरानी तस्वीरें दिखाकर युवती को ब्लैकमेल कर रहा था और डिलीट करने के बहाने बार-बार मिलने का दबाव डाल रहा था।
जानकारी के अनुसार, ट्रांजिट कैंप में किराए पर रहने वाली युवती का बरेली निवासी युवक से प्रेम संबंध था। कुछ समय पहले दोनों का रिश्ता टूट गया। इसके बाद युवक लगातार फोन कर युवती को परेशान करने लगा। रविवार को जब युवती उसके बुलावे पर नहीं गई तो वह खुद उसके कमरे में आ धमका।
इसे देख आसपास के लोग भड़क उठे और युवक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। मौके पर हंगामा बढ़ता देख किसी ने पुलिस को सूचना दी। तुरंत ट्रांजिट कैंप थाने से एसआई अकरम टीम के साथ पहुंचे और युवक को हिरासत में लेकर युवती समेत थाने ले आए।
थानाध्यक्ष मोहन पांडे ने बताया कि यह मामला आपसी प्रेम संबंध से जुड़ा हुआ है। युवती का कहना है कि युवक उसे पुरानी फोटो के नाम पर ब्लैकमेल कर रहा था, जबकि जांच में युवक के मोबाइल से कोई आपत्तिजनक फोटो नहीं मिली। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
