अवैध कब्जों पर प्रशासन का डंडा, लाल निशान लगाये, काशीपुर बाइपास पर 198 अतिक्रमण चिन्हित, 22.5 मीटर तक हटेंगे कब्जे

रुद्रपुर। हाईकोर्ट की सख्ती के बाद नगर निगम और प्रशासन की संयुक्त टीम ने शनिवार को काशीपुर बाइपास रोड पर अतिक्रमण चिन्हित कर लाल निशान लगा दिए। कार्रवाई से पूरे शहर में हड़कंप मच गया। टीम ने डीडी चौक से गाबा चौक तक सड़क के मध्य से दोनों ओर 22.5 मीटर तक कब्जे हटाने की तैयारी शुरू कर दी है।
मुख्य नगर आयुक्त नरेश चन्द्र दुर्गापाल और उपजिलाधिकारी मनीष बिष्ट के नेतृत्व में नगर निगम, पुलिस, ऊर्जा निगम, जल संस्थान, लोनिवि, दूरसंचार, जिला विकास प्राधिकरण समेत आठ विभागों की टीम ने 198 अतिक्रमण चिन्हित किए। चिन्हित निर्माणों पर लाल निशान लगाकर कब्जाधारियों को नोटिस देने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
हाईकोर्ट के आदेश पर हो रही इस कार्रवाई को लेकर आयुक्त दुर्गापाल ने कहा कि तय समय सीमा में कब्जा नहीं हटाने पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी और इसका खर्च भी संबंधित व्यक्ति से वसूला जाएगा। मुनादी कराकर लोगों को स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने का मौका दिया जाएगा।
एक संस्था की जनहित याचिका पर हाईकोर्ट ने नगर निगम को 26 सितंबर तक कार्रवाई रिपोर्ट पेश करने के आदेश दिए हैं। इससे पहले भी शहर में कई जगहों से अतिक्रमण हटाया गया था, लेकिन काशीपुर बाइपास पर कार्रवाई अधूरी रह गई थी।
इस दौरान सहायक नगर आयुक्त रणदीप सिंह, उमाकांत चतुर्वेदी, दीप चन्द्र पांडे, हरीश बसेड़ा, विवेक गुप्ता, हेम उनियाल, राम सिंह, सुभम पाल, जल संस्थान के एई पूरन चन्द्र पांडे, विक्रम सिंह, भूपेन्द्र सिंह समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
