रुद्रपुर: भारत इंजीनियरिंग वर्क्स में आग से भारी नुकसान, करोड़ों का सामान खाक

किच्छा बाईपास पर स्थित भारत इंजीनियरिंग वर्क्स में शनिवार सुबह भीषण आग लग गई। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग का कारण माना जा रहा है, हालांकि प्रशासन ने तकनीकी जांच के आदेश दे दिए हैं। हादसे में करीब ढाई से तीन करोड़ रुपये का इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर राख हो गया..
सुबह करीब सात बजे आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड हरकत में आई। फायर अधिकारी महेश चंद्र की अगुवाई में दो दमकल मौके पर भेजी गईं, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए पंतनगर फायर स्टेशन और बजाज इंडस्ट्री से भी दमकल वाहन बुलाए गए। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद चार दमकलों की मदद से आग पर काबू पाया गया।
फायर अधिकारी के अनुसार आग बहुत तेजी से फैली और पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। गोदाम में बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक पैनल, बल्ब, ट्यूबलाइट और अन्य उपकरण रखे थे, जो पूरी तरह से नष्ट हो गए।
फैक्ट्री के मालिक सुनील सोनी ने बताया कि उनका कारोबार इलेक्ट्रॉनिक सामान की सप्लाई से जुड़ा है और गोदाम में रखे सामान की कीमत करीब ढाई से तीन करोड़ रुपये के बीच थी।
