रुद्रपुर में दरोगा को धमकी और सरकारी वाहन पर हमला, हथियार दिखाकर फरार हुए युवक

रुद्रपुर में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। बुधवार देर रात कुछ युवकों ने न केवल पुलिस दरोगा से अभद्रता की, बल्कि सरकारी वाहन को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया और हथियार दिखाकर फरार हो गए। घटना कोतवाली क्षेत्र के इंद्रा चौक के पास की है।
रात्रि गश्त के दौरान हुई घटना
पुलिस उपनिरीक्षक चंदन सिंह बिष्ट, पीआरडी जवान राम सिंह और चालक नरेश चंद्र जोशी रात्रि गश्त और सुबह की ‘क्लीन स्वीप’ कार्रवाई के बाद जब इंद्रा चौक से कोतवाली लौट रहे थे, तभी एक क्रेटा कार ने तेज रफ्तार में ओवरटेक करते हुए सरकारी वाहन को रोक दिया। कार में 3-4 युवक सवार थे।
“तेरी वर्दी उतरवा देंगे” – युवकों की धमकी
कार रोकते ही युवकों ने गाली-गलौच शुरू कर दी और जब दरोगा ने पूछताछ करनी चाही, तो उन्होंने धमकी दी – “हम पैसे वाले हैं, नेताओं से सीधा संपर्क है, तेरी वर्दी उतरवा देंगे।” स्थिति उस समय और भयावह हो गई जब एक युवक ने तमंचा दिखाकर गोली मारने की धमकी दी।
सरकारी वाहन को मारी टक्कर, आरोपी फरार
इसके बाद कार सवार युवक सरकारी वाहन को टक्कर मारते हुए काशीपुर रोड की ओर फरार हो गए। टक्कर से सरकारी वाहन का बम्पर क्षतिग्रस्त हो गया।
एफआईआर दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी
उपनिरीक्षक चंदन सिंह बिष्ट की ओर से घटना की लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा, जान से मारने की धमकी और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज़ कर दिए गए हैं।
