साइट ठप, राशन के लिए भटक रहे लाभार्थी

रुद्रपुर। आदर्श कॉलोनी की सस्ता गल्ला दुकान पर सर्वर ठप होने से लोगों को राशन नहीं मिल पा रहा है। बीते कई दिनों से लाभार्थी रोज दुकान का चक्कर काट रहे हैं, लेकिन खाली हाथ लौटने को मजबूर हैं।
डीलर रवि खुराना ने बताया कि 10 से 12 जून तक राशन का वितरण हुआ था। उसके बाद से उत्तर प्रदेश की वेबसाइट काम नहीं कर रही, जिससे ई-पॉस मशीन से वितरण संभव नहीं हो पा रहा। उन्होंने बताया कि राशन स्टॉक में है और वह खुद बीमार होने के बावजूद रोज दुकान पर आ रहे हैं, लेकिन तकनीकी दिक्कत के कारण वितरण नहीं हो पा रहा।
राशन लेने पहुंचे लोगों, जिनमें आरती, संजय पांडे, कोमल आदि शामिल हैं, ने बताया कि उन्हें मोबाइल पर राशन लेने के मैसेज आ रहे हैं, मगर जब वे दुकान पहुंचते हैं, तो सिस्टम काम नहीं करता।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सर्वर की समस्या का समाधान किया जाए, ताकि गरीबों को उनका हक समय पर मिल सके।
