February 16, 2026

वन कर्मियों पर 30 राउंड बरसाई गोलियां, किसी के पेट में लगे छर्रे, किसी की टांग में घुसे, मचा हड़कंप

Spread the love
  • गूलरभोज क्षेत्र के पीपल पड़ाव रेंज में सागौन का पेड़ काटने जंगल में घुसे थे तस्कर
  • वन तस्कर घिरे तो सामने से शुरू की फायरिंग, रेंजर समेत तीन घायल

रुद्रपुर लोकपथ संदेश ब्यूरो

गूलरभोज की पीपल पड़ाव वन रेंज में शुक्रवार शाम लकड़ी तस्करों और वन विभाग की टीम का आमना-सामना हो गया। खुद को घिरता देख तस्करों ने अवैध असलहों से वन विभाग की टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। वन कर्मियों ने भी मोर्चा संभाला और जवाबी फायरिंग की। वहीं इस दौरान तस्करों ने करीब 30 राउंड फायरिंग की। मुठभेड़ के दौरान रेंजर समेत तीन वन कर्मी तस्करों की ओर से की गई फायरिंग में घायल हो गए। वहीं तस्कर मौके से फरार हो गए। तस्कर यहां से सागौन का पेड़ काटकर ले जाने की फिराक में थे लेकिन वन विभाग की टीम सटीक सूचना पर मौके पर पहुंच गई और दोनों के बीच मुठभेड़ हो गई। घायल वन कर्मियों को जिला अस्पताल रुद्रपुर ले जाया गया। यहां इनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। वहीं पुलिस टीमें फरार तस्करों की तलाश में दबिश दे रही हैं।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार शाम करीब साढ़े छह बजे पीपल पड़ाव वन क्षेत्र के रेंजर रूपनारायण गौतम को पीपल पड़ाव रेंज के प्लॉट संख्या 111-112 में वन तस्करों के पेड़ों का कटान किए जाने की सूचना मिली थी। जैसे ही वन कर्मियों की टीम मौके पर पहुंची तो तस्करों ने फायरिंग शुरू कर दी। वन कर्मियों ने भी जवाबी हवाई फायरिंग की लेकिन तस्करों ने सीधे फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान रेंजर रूपनारायण गौतम के पेट में छर्रे लग गए। वहीं दो फॉरेस्ट गार्ड भी छर्रे लगने से घायल हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *