February 16, 2026

दिनेशपुर नगर पंचायत में फर्जीवाड़े का सनसनीखेज आरोप, महिला सभासद के नाम से झूठा प्रार्थना पत्र वायरल, सभासदों पर साजिश रचने का आरोप, डीएम से निष्पक्ष जांच की मांग

Spread the love

रूद्रपुर। नगर पंचायत में फर्जी शिकायती पत्र को लेकर हड़कंप
नगर पंचायत से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें एक निर्वाचित महिला सभासद के नाम से जिलाधिकारी उधम सिंह नगर को संबोधित किया गया शिकायती प्रार्थना पत्र फर्जी बताया गया है। महिला सभासद ने इसे साजिश करार देते हुए पूरे मामले की जांच की मांग की है।
महिला सभासद का आरोप है कि उनके नाम, मोहर और हस्ताक्षर का दुरुपयोग कर बिना उनकी जानकारी और सहमति के झूठे व मनगढ़ंत आरोपों से भरा शिकायती पत्र तैयार किया गया। उन्होंने साफ कहा कि कथित पत्र से उनका कोई लेना-देना नहीं है और उसमें लगाए गए सभी आरोप पूरी तरह निराधार हैं।
प्रार्थिनी के अनुसार नगर पंचायत दिनेशपुर के कुछ सभासदों और सभासद प्रतिनिधियों द्वारा अपने व्यक्तिगत स्वार्थों की पूर्ति के लिए यह फर्जी शिकायती पत्र तैयार कराया गया। आरोप है कि इस पत्र को सोशल मीडिया पर भी तेजी से प्रसारित किया जा रहा है, जिससे न केवल महिला सभासद बल्कि नगर पंचायत अध्यक्ष की छवि भी धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है।
महिला सभासद ने कहा कि इस पूरे प्रकरण से उन्हें मानसिक पीड़ा पहुंची है और उनकी सार्वजनिक छवि को नुकसान हुआ है। उन्होंने जिलाधिकारी से निष्पक्ष जांच कर यह स्पष्ट करने की मांग की है कि फर्जी पत्र किसने और किन उद्देश्यों से तैयार किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला सभासद ने दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। अब यह देखना होगा कि प्रशासन इस शिकायत पर क्या रुख अपनाता है और जांच के बाद किन लोगों पर कार्रवाई होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *