February 16, 2026

भीषण सड़क हादसा, स्कूल बस की टक्कर से बाइक सवार तीन युवकों की मौत, प्रतापपुर गांव में पसरा मातम, चालक बस सहित फरार

Spread the love

खटीमा क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। नानकमत्ता से बच्चों को छोड़कर लौट रही एक निजी स्कूल बस और बाइक की आमने-सामने हुई टक्कर में यह हादसा प्रतापपुर नंबर सात के गुरुद्वारा रोड पर हुआ। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के अनुसार, प्रतापपुर वार्ड नंबर सात निवासी देवेंद्र सिंह राणा (27) पुत्र उमेश सिंह राणा, राजेश सिंह राणा (35) पुत्र पंचम सिंह राणा तथा राजेश सिंह राणा उर्फ बिल्ला (27) पुत्र दर्शन सिंह किसी कार्य से झनकट गए थे। शाम करीब सवा चार बजे जब तीनों एक ही बाइक से वापस घर लौट रहे थे, तभी प्रतापपुर नंबर नौ में गुरुद्वारा रोड के पास उनकी बाइक की सामने से आ रही निजी स्कूल बस से जोरदार टक्कर हो गई।

हादसे में तीनों युवकों के सिर में गंभीर चोटें आईं। राहगीरों ने तुरंत पुलिस और आपातकालीन सेवा 108 को सूचना दी। घायलों को एंबुलेंस व निजी वाहनों से उप जिला चिकित्सालय खटीमा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. सिमरनजीत सिंह ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर नानकमत्ता पुलिस उप जिला चिकित्सालय पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया। तीनों शवों का पोस्टमार्टम शनिवार को किया जाएगा। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। एक साथ तीन घरों के चिराग बुझने से प्रतापपुर नंबर सात गांव में मातम पसरा हुआ है।

बताया गया कि तीनों मृतक गरीज जनजाति परिवार से थे और राजमिस्त्री व दिहाड़ी मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।

प्रतापपुर चौकी प्रभारी राजेंद्र पंत ने बताया कि उन्हें घटना की सूचना करीब एक घंटे बाद मिली, जिसके बाद वे सीधे सरकारी अस्पताल पहुंचे। ग्रामीणों के अनुसार, हादसे के बाद बस चालक बच्चों को छोड़कर बस लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बस की तलाश के लिए एक टीम रवाना कर दी है। फिलहाल चालक बस सहित फरार बताया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *