ऑडियो प्रकरण को लेकर पुलिस की चौखट पर पहुंचीं कांग्रेस नेत्री मीना शर्मा, एसएसपी से मुलाकात, जांच व वॉयस सैंपल टेस्टिंग की उठाई मांग

रुद्रपुर, संवाददाता।
सियासत के केंद्र में चल रहे कथित ऑडियो प्रकरण को लेकर पूर्व पालिकाध्यक्ष एवं कांग्रेस नेत्री मीना शर्मा शुक्रवार को पुलिस कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा से मुलाकात कर मामले में निष्पक्ष और तकनीकी जांच की मांग की।
मीना शर्मा ने एसएसपी से कहा कि वायरल ऑडियो असली है या नकली, इसकी जांच कराई जाए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया जाए कि ऑडियो में सुनाई दे रही आवाज पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल की है या किसी अन्य व्यक्ति की। उन्होंने कहा कि वॉयस सैंपल टेस्टिंग के बाद ही सच्चाई सामने आ सकेगी।
उन्होंने यह भी मांग की कि यह पता लगाया जाए कि ऑडियो किस मोबाइल से रिकॉर्ड किया गया, रिकॉर्डिंग के समय कौन-कौन लोग मौजूद थे, कौन लोग तालियां बजाकर कथित रूप से चरित्र हनन पर हंस रहे थे तथा ऑडियो को वायरल करने वाले लोग कौन हैं। सभी दोषियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
उल्लेखनीय है कि दिसंबर 2024 में पूर्व पालिकाध्यक्ष एवं महिला कांग्रेस की वरिष्ठ उपाध्यक्ष मीना शर्मा और उनके पति के खिलाफ कथित रूप से अशोभनीय टिप्पणी से जुड़ा ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस प्रकरण को लेकर मीना शर्मा ने पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के खिलाफ मोर्चा खोला था।
लगभग एक वर्ष तक कोई कार्रवाई न होने से आक्रोशित होकर मीना शर्मा ने कोतवाली में धरना दिया था, जिसके बाद पुलिस ने पूर्व विधायक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने कांग्रेस नेत्री को आश्वस्त किया कि जल्द ही ऑडियो को जांच के लिए भेजा जाएगा और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मामले में दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
