February 16, 2026

उधम सिंह नगर में मोमो-चाऊमीन और 500 रुपये के लिए छात्र बन रहे अपराध की मोहरा

Spread the love

रुद्रपुर (उधम सिंह नगर):

इंटर पास करने के बाद जहां युवा अपने भविष्य और करियर को संवारने के सपने बुनते हैं, वहीं कुमाऊं के औद्योगिक जिले उधम सिंह नगर में तस्वीर इसके उलट नजर आ रही है। यहां 16 से 22 वर्ष की उम्र के कई युवा किताब और कलम छोड़कर तमंचे और चाकू को अपना स्टेटस सिंबल बना रहे हैं।

जिले में लाइसेंसी असलहों को लेकर लोगों में जबरदस्त क्रेज है। चौकियों, थानों, सीओ कार्यालय, एसएसपी और जिलाधिकारी कार्यालयों में सैकड़ों लाइसेंस फाइलें लंबित पड़ी हैं। लेकिन चिंता की बात यह है कि जिस उम्र में युवाओं को पढ़ाई और करियर की चिंता होनी चाहिए, उसी उम्र में वे हथियारों की ओर आकर्षित हो रहे हैं।

बीते रविवार रम्पुरा इलाके में क्रिकेट खेलते समय तमंचे से हवाई फायरिंग करने का मामला सामने आया, जिसमें शामिल किशोर की उम्र महज 16 साल बताई जा रही है। वहीं किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ के पार्षद पुत्र सौरभ राज बेहड़ के खुद पर हमले की साजिश में शामिल तीनों आरोपी भी छात्र हैं।

एसएसपी मणिकांत मिश्रा के अनुसार, आरोपियों में वंश कुमार बीबीए प्रथम वर्ष, दीपक सिंह गैड़ा बीबीए द्वितीय वर्ष और तीसरा आरोपी बादशाह इंटर का छात्र है। जांच में सामने आया है कि कथित साजिश के तहत सौरभ बेहड़ ने अपने साथी इंदर नारंग के जरिए इन छात्रों को हमले के लिए तैयार कराया।

पुलिस पूछताछ में इंदर नारंग ने बताया कि वह तीनों को लंबे समय से जानता था और मोमो-चाऊमीन खिलाकर तथा पांच-पांच सौ रुपये की रकम देकर हमले के लिए उकसाया गया। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। यह मामला जिले में युवाओं के बढ़ते अपराध की ओर झुकाव और सामाजिक हालात पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *