February 16, 2026

काशीपुर में जमीन के नाम पर 9.40 लाख की ठगी, दो पर केस दर्ज

Spread the love

काशीपुर। जमीन बेचने के नाम पर एक व्यक्ति से 9 लाख 40 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आईटीआई थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

 

पशुपति विहार, जसपुर खुर्द निवासी संदीप कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मोहल्ला गंज, महुआखेड़ागंज निवासी प्रीतम उर्फ पप्पू और उसके साथी राकेश कुमार ने उसे ग्राम कनकपुर में छीना पैलेस के सामने 21,500 वर्ग फुट जमीन दिखाकर सौदा तय किया था। प्रीतम ने जमीन अपनी बहन हिना अरोरा की बताई और कहा कि हिना की बेटी कविता कनाडा पढ़ाई के लिए जा रही है, इसलिए जमीन सस्ते में बेची जा रही है।

 

संदीप ने झांसे में आकर एक जनवरी 2024 को 40 हजार रुपये का बयाना दिया, जबकि 11 जनवरी को एक लाख रुपये नकद और आठ लाख रुपये कविता के बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए। बाकी रकम लोन से देने की बात तय हुई थी। बाद में आठ जुलाई 2025 को नोटरी राजीनामा भी बनवाया गया और दो चेक (47-47 हजार रुपये) लगवाए गए।

 

बाद में संदीप को पता चला कि कविता हिना की बेटी नहीं बल्कि प्रीतम के बेटे की पत्नी है। आरोप है कि इन लोगों ने गैंग बनाकर उसकी रकम हड़प ली। बताया गया कि चेक भी प्रीतम ने न्यायालय में जमा करा दिए हैं।

 

आईटीआई थाना पुलिस ने आरोपी प्रीतम और कविता के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *