April 3, 2026

दूसरी पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की पति की हत्या, 19 दिन बाद पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा

Spread the love

पौड़ी गढ़वाल जिले के कोटद्वार में बीते 5 जून को मिले अज्ञात शव के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में यह कोई सामान्य मौत नहीं, बल्कि हत्या निकली। और हैरानी की बात ये कि हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि मृतक की दूसरी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने आज इस पूरे मामले से पर्दा उठाते हुए आरोपी महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।

5 जून 2025 को कोटद्वार कोतवाली क्षेत्र की दुगड्डा चौकी अंतर्गत एक अज्ञात शव मिला था। शव की हालत देख पुलिस ने हत्या की आशंका जताई थी। शव की शिनाख्त कई दिन की कोशिशों के बाद 17 जून को रविंद्र कुमार, पुत्र स्व. रामस्वरूप, निवासी रजोकरी, वसंत कुंज, दिल्ली के रूप में हुई।

मृतक के भाई राजेश कुमार ने कोटद्वार थाने में तहरीर देकर हत्या की आशंका जताई और रविंद्र की दूसरी पत्नी रीना सिन्धू और एक अन्य व्यक्ति पर संदेह जताया। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

राजेश ने पुलिस को बताया कि रविंद्र ने वर्ष 2010-11 में पहली पत्नी से अलगाव के बाद रीना सिन्धू से विवाह किया था। रविंद्र मुरादाबाद स्थित अपना मकान बेचना चाहता था, लेकिन रीना इसके खिलाफ थी।

 

जांच में मिला अहम सुराग

सीसीटीवी फुटेज, फॉरेंसिक रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को 5 जून को कोटद्वार में देखी गई एक संदिग्ध SUV-500 कार का सुराग मिला। इसके आधार पर रीना सिन्धू और उसके प्रेमी पारितोष कुमार को बिजनौर के नगीना से गिरफ्तार कर लिया गया।

रीना ने पुलिस को बताया कि पारितोष से उसका रिश्ता एक फिजियोथेरेपी के दौरान बना। 31 मई को रीना ने रविंद्र को नगीना बुलाया, जहां शराब पिलाकर फावड़े से उसकी हत्या कर दी गई। शव को कार में रखकर पहले रामनगर, फिर कोटद्वार के दुगड्डा क्षेत्र में फेंका गया। बाद में कार को नोएडा में छोड़ दिया गया।

फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। इस मामले ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि निजी रिश्तों में धोखा और लालच किस हद तक लोगों को अपराध की ओर धकेल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed