February 16, 2026

यूनियन वर्चस्व को लेकर सरेराह हमला, पुलभट्टा पुलिस ने मास्टरमाइंड समेत तीन आरोपी दबोचे..

Spread the love

ऊधमसिंहनगर के पुलभट्टा थाना क्षेत्र में यूनियन वर्चस्व की लड़ाई सड़कों तक पहुंच गई। रेन्टोकिल पीसीआई रुद्रपुर कंपनी के कर्मचारियों पर सरेराह जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मास्टरमाइंड समेत तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना 30 मई को हुई थी, जिसमें हमलावरों ने कर्मचारियों को बुरी तरह पीटकर घायल कर दिया था।

30 मई 2025 को रेन्टोकिल पीसीआई कंपनी के कर्मचारी राजीव कुमार पाल, अखिलेश उपाध्याय और रामेश्वर मिश्रा कंपनी के कार्य से सितारगंज जा रहे थे। तभी शक्तिफार्म रोड पर कुछ अज्ञात लोगों ने उनकी मोटरसाइकिल रोककर मारपीट शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। मामले की शिकायत राजीव कुमार पाल ने 2 जून को पुलभट्टा थाने में दर्ज कराई थी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलभट्टा पुलिस ने गंभीरता से कार्रवाई करते हुए सर्विलांस और मुखबिर की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की। 7 जून को पुलिस को सफलता मिली और ग्राम अंजनिया से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मुकेश गंगवार, बंटी राठौर और धर्मेन्द्र पाल गंगवार के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि यूनियन वर्चस्व को लेकर धर्मेन्द्र पाल और सुशील शर्मा की योजना के तहत बाहर से लड़कों को बुलाकर हमला किया गया था। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे।

पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त एक बेसबॉल बैट और एक मोटरसाइकिल (UK06BB4272) बरामद की है। वहीं, इस मामले में अभी भी सुशील शर्मा, सुरेन्द्र गंगवार, सुधीर शर्मा और दो अन्य अज्ञात आरोपी फरार हैं जिनकी तलाश जारी है..

पुलभट्टा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से साफ है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि शेष फरार अभियुक्तों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *