एसएसपी मणिकांत मिश्रा के निर्देशन में अपराधियों पर शिकंजा, तमंचे के बल पर लूट करने वाला आरोपी गिरफ्तार..

जनपद ऊधमसिंहनगर में अपराधियों के खिलाफ चल रही पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई का असर साफ नजर आ रहा है। एसएसपी मणिकांत मिश्रा के निर्देश पर थाना नानकमत्ता पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने तमंचा दिखाकर परचून की दुकान से नगदी लूटने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा और नकदी बरामद की गई है।
घटना 1 जून 2025 की है, जब नानकमत्ता क्षेत्र के सुनखरी गांव में एक परचून की दुकान पर दो अज्ञात व्यक्ति पहुंचे। उस समय दुकान पर मालिक का नाबालिग बेटा कार्तिक मौजूद था। आरोपियों ने बच्चे को तमंचा दिखाकर धमकाया और दुकान से करीब 14,000 रुपये लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बिना नंबर की बाइक पर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही नानकमत्ता थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा के निर्देश पर गठित टीम ने घटनास्थल के आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और पुराने अपराधियों की तलाश शुरू की। इसी बीच 7 जून को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली और पुलिस ने सुनखरी मार्ग से जगमीत सिंह पुत्र जस्सा सिंह, निवासी मलपुरी, थाना सितारगंज को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में जगमीत सिंह ने बताया कि वह स्मैक और शराब का आदी है। वारदात के दिन उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई थी। दोनों ने दुकान में मौजूद बच्चे को डराकर गल्ले से नकदी निकाली और फरार हो गए। फिलहाल उसका दूसरा साथी अभी फरार है।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक 315 बोर का अवैध तमंचा और 2700 रुपये नगद बरामद किए हैं। पुलिस अब फरार अभियुक्त की तलाश में जुटी है और मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
जनपद पुलिस ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है कि अपराध करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
