April 10, 2026

छोटे बच्चों के झगड़े से भड़की हिंसा, सितारगंज के वार्ड 10 में दंपति पर जानलेवा हमला, इलाके में दहशत

Spread the love

मुकेश कुमार संवाददाता/अमन केसरी न्यूज

सितारगंज। वार्ड नंबर 10 में एक मामूली बच्चों के विवाद ने अचानक ऐसा हिंसक रूप ले लिया कि पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। घटना 7 अप्रैल की शाम की बताई जा रही है, जब बच्चों के बीच हुए झगड़े की शिकायत करने गई महिला के साथ पहले मारपीट की गई और बाद में सुनियोजित तरीके से दंपति पर जानलेवा हमला कर दिया गया।
पीड़ित राशिद पुत्र अब्दुल मालिक ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि उसकी पत्नी रिफा जब पड़ोस में बच्चों के झगड़े की शिकायत करने गई, तो वहां मौजूद शबाना पत्नी नासिर व अन्य महिलाओं ने उसके साथ अभद्रता करते हुए बाल पकड़कर बेरहमी से मारपीट की। इस घटना के बाद मामला शांत होने के बजाय और उग्र हो गया।
आरोप है कि जब राशिद और उसकी पत्नी थाने से लौट रहे थे, तभी जेल कैंप रोड स्थित जहीर की दुकान के पास पहले से घात लगाए बैठे शानू, नदीम, राशिद का बहनोई और मानू नफीस ने अचानक उन पर हमला बोल दिया। दबंगों ने दंपति को सड़क पर गिराकर ईंट-पत्थरों और चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। इस हमले में राशिद के सिर और कान से खून बहने लगा, जबकि उसकी पत्नी रिफा भी गंभीर रूप से घायल हो गई।
अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के दुकानदार, जिनमें जहीर और अखलाक अहमद सहित कई लोग शामिल थे, तुरंत मौके पर पहुंचे और किसी तरह हमलावरों से दंपति को बचाया।
घायलों को तुरंत सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया।
पीड़ित राशिद का यह भी आरोप है कि हमलावरों ने उसके घर में तोड़फोड़ कर दहशत फैलाने की कोशिश की और लगातार जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। घटना के बाद से पूरा परिवार सहमा हुआ है और इलाके में भय का माहौल बना हुआ है।
पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई, सुरक्षा मुहैया कराने और जल्द मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। वहीं, इस सनसनीखेज घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है और वे आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

खबर व विज्ञापन के लिए संपर्क करें

मो.8218474080

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed