उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ रहीं दो सहेलियां जिंदगी और मौत से जूझ रहीं

खटीमा से रुद्रपुर आ रही दो शिक्षित युवतियों की जिंदगी एक तेज रफ्तार ट्रक की लापरवाही ने पल भर में बदल दी। किच्छा हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में स्कूटी सवार अंजलि बोरा और अंशिका गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गईं। हालत नाजुक होने पर दोनों को रुद्रपुर के निजी अस्पताल से दिल्ली रेफर कर दिया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार ग्राम बानुसी, झनकट खटीमा निवासी इंदिरा देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 28 जनवरी को उनकी बेटी अंजलि बोरा अपनी सहेली अंशिका गुप्ता के साथ स्कूटी संख्या यूके 06 बीपी 9259 से रुद्रपुर जा रही थी। जैसे ही वे किच्छा हाईवे पर पहुंचीं, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक संख्या यूपी 21 एएन 9150 ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवतियां सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें दिल्ली रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार अंजलि बी-फार्मा का कोर्स पूरा कर चुकी थी, जबकि अंशिका ने होम्योपैथिक चिकित्सा का कोर्स पूर्ण कर लिया है और महज एक माह बाद चिकित्सक की डिग्री मिलने वाली थी।
दोनों ही परिवार आर्थिक रूप से कमजोर हैं, बावजूद इसके बेटियों को पढ़ा-लिखाकर बेहतर भविष्य संवारने का सपना देखा था। फिलहाल दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर ट्रक चालक की तलाश तेज कर दी है।
