February 16, 2026

रुद्रपुर” लिफ्ट देकर कंपनी जा रही युवती से कार में सामूहिक दुष्कर्म, एक आरोपी गिरफ्तार एक फरार

Spread the love

रुद्रपुर।

शहर में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में लिफ्ट देने के बहाने एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा आरोपी फरार बताया जा रहा है।

पीड़िता के अनुसार वह रविवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे रोज की तरह सिडकुल स्थित कंपनी जाने के लिए घर से निकली थी। आवास विकास क्षेत्र में मंदिर के पास काफी देर तक वाहन का इंतजार करने के बाद जब कोई साधन नहीं मिला तो वह पैदल ही अटरिया रोड की ओर बढ़ने लगी। इसी दौरान कार सवार दो युवकों ने उसे सिडकुल छोड़ने का भरोसा दिलाया। परिचित रास्ता और भरोसे की बातों में आकर युवती कार में बैठ गई।

आरोप है कि कुछ दूरी पर कार को सिडकुल की बजाय इधर-उधर घुमाया जाने लगा। युवती द्वारा विरोध करने पर एक युवक चलती कार में पीछे की सीट पर आ गया और उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। इसके बाद दोनों युवक उसे सुनसान स्थान पर ले गए, जहां कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया गया। घटना के बाद युवती को सिडकुल क्षेत्र में छोड़ दिया गया।

घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों के साथ पीड़िता ट्रांजिट कैंप थाने पहुंची, जहां गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और वाहन नंबर के आधार पर जांच करते हुए एक आरोपी राहुल दास निवासी आदर्श कॉलोनी, रुद्रपुर को घटना में प्रयुक्त कार के साथ गिरफ्तार किया। फॉरेंसिक टीम ने वाहन से साक्ष्य जुटाए हैं।

आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश जारी है और महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर किसी भी सूरत में सख्ती बरती जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *