पं. शुक्ल पुण्यतिथि पर CM धामी का बड़ा ऐलान: तराई में विकास की झड़ी, 11 प्रतिभाएँ सम्मानित

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं तराई क्षेत्र के संस्थापक पंडित राम सुमेर शुक्ल जी की 47वीं पुण्यतिथि पर रुद्रपुर राजकीय मेडिकल कॉलेज प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। मुख्यमंत्री ने सबसे पहले पं. शुक्ल जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके जीवन परिचय के शिलापट्ट का अनावरण किया। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 11 व्यक्तियों को सम्मानित भी किया गया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि पं. शुक्ल जी राष्ट्रसेवा और जनसेवा के प्रतीक थे। युवा अवस्था से ही उन्होंने देशहित को सर्वोपरि रखते हुए स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई और तराई क्षेत्र के विकास में ऐतिहासिक योगदान दिया। उन्होंने कहा कि आज रुद्रपुर और तराई का स्वरूप पं. शुक्ल जी की दूरदृष्टि का परिणाम है।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में कई विकास योजनाओं की घोषणा करते हुए बताया कि लालपुर-नगला मोटरमार्ग से अंबेडकर कॉलोनी तक सड़क का डामरीकरण, किच्छा सीएचसी को उप जिला चिकित्सालय का दर्जा, पं. शुक्ल राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में इंटर कक्षाओं का संचालन तथा सेनानियों के गांवों में सेनानी भवनों का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रुद्रपुर में मेडिकल कॉलेज निर्माण, बाईपास, चार लेन सड़कें, ड्रेनेज प्लान, बायोगैस प्लांट, कूड़ा प्रबंधन प्लांट सहित अनेक परियोजनाएँ प्रगति पर हैं।
कार्यक्रम संयोजक पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा तराई के विकास के लिए किए जा रहे कार्य क्षेत्र के लोगों के सपनों को साकार कर रहे हैं। कार्यक्रम में विभिन्न संगठनों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
इसके बाद मुख्यमंत्री राजेश शुक्ला के आवास पहुंचे और उनकी माता जी से आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम में विधायक शिव अरोरा, मेयर विकास शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
