April 2, 2026

रुद्रपुर में राज्य कर विभाग के खिलाफ व्यापारियों का उग्र प्रदर्शन, कार्यालय घेराव कर अनिश्चितकालीन आंदोलन की दी चेतावनी

Spread the love

रुद्रपुर। राज्य कर विभाग के प्रवर्तन विंग द्वारा की जा रही कथित मनमानी और व्यापारियों के उत्पीड़न के खिलाफ शुक्रवार को रुद्रपुर व्यापार मंडल ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने विभागीय कार्यालय के बाहर जोरदार नारेबाजी की और प्रवेश द्वार का घेराव कर अधिकारियों पर कड़े आरोप लगाए।

 

व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा के नेतृत्व में जुटे व्यापारियों ने आरोप लगाया कि राज्य कर विभाग की चौकियों पर तैनात अधिकारी बिना वजह गाड़ियों को घंटों रोकते हैं। कागज़ जांच के नाम पर देरी की जाती है और विभागीय कोष में पेनल्टी जमा कराने के लिए अनैतिक दबाव बनाया जाता है। जुनेजा ने कहा कि सही दस्तावेज़ होने के बावजूद व्यापारियों को चोर की तरह व्यवहार कर अपमानित किया जा रहा है, जिससे उनका मानसिक और आर्थिक उत्पीड़न हो रहा है।

 

जुनेजा ने आरोप लगाया कि अधिकारियों से कई दौर की वार्ता के बावजूद भी विभागीय रवैये में सुधार नहीं आया है। “राज्य कर विभाग हिटलरशाही अपनाकर व्यापारियों को प्रताड़ित कर रहा है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा,” उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि ऐसा ही रहा तो व्यापारी अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करने को विवश होंगे।

 

व्यापारियों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए मौके पर संयुक्त आयुक्त शिवेंद्र प्रताप सिंह और सहायक आयुक्त जीशान मलिक पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने व्यापारियों से शांतिपूर्ण संवाद किया और विभाग की कार्यशैली में सुधार का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जल्द ही व्यापारियों के साथ विस्तृत बैठक कर समस्याओं के समाधान पर कार्यवाही की जाएगी।

 

प्रदर्शन में सरदार हंसपाल सिंह, सरदार सुमुख सिंह विर्क, सतपाल गाबा, हरीश अरोड़ा, पवन गाबा, शिवेन सेठी, पारस अरोड़ा, सागर छाबड़ा, जतिन नागपाल, पंकज सुखीजा समेत बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed