February 16, 2026

दमकल की गाड़ी रास्ते में खराब, बुज़ुर्ग महिला की जान स्थानीय लोगों ने बचाई

Spread the love

शुक्रवार दोपहर होली चौक में अचानक उस समय हड़कंप मच गया, जब 65 वर्षीय बुज़ुर्ग महिला के कपड़ों में आग लग गई। आग तेजी से कमरे में फैलने लगी, लेकिन मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने समझदारी दिखाते हुए तुरंत आग बुझाने का प्रयास किया और महिला को सुरक्षित बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार महिला अब खतरे से बाहर है।

 

इधर घटना की सूचना मिलने पर दमकल विभाग की बड़ी गाड़ी तुरंत रवाना हुई, लेकिन आवास विकास स्थित दशमेश मार्ग पर अचानक वाहन में तकनीकी खराबी आ गई। सड़क के बीचों-बीच गाड़ी खराब होने से मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई और दमकलकर्मी वाहन स्टार्ट करने की कोशिश में परेशान होते दिखे। काफी मशक्कत के बाद उन्हें गाड़ी को धक्का देकर किनारे करना पड़ा।

 

उसके बाद छोटी दमकल गाड़ी घटना स्थल के लिए भेजी गई, लेकिन तब तक स्थानीय लोग आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा चुके थे। गाड़ी के खराब होने की घटना ने दमकल विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग विभाग से बेहतर व्यवस्था की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *