February 16, 2026

चलती थार अचानक आग का गोला बनी, आधे घंटे तक थमा नैनीताल हाईवे

Spread the love

नैनीताल हाईवे पर बुधवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मेडिकल कॉलेज के पास अचानक एक थार जीप में आग भड़क उठी। थार में मौजूद युवक की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया। जैसे ही बोनट से धुआं उठता दिखाई दिया, चालक ने तत्काल वाहन रोककर बाहर छलांग लगा दी और अपने अन्य तीन साथियों को भी सुरक्षित दूरी पर ले गया।

 

थार में आग लगते ही हाईवे पर चल रहे अन्य वाहन चालक भी रुक गए और देखते ही देखते सड़क पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। करीब आधे घंटे तक दोनों ओर यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। इस दौरान कई वाहन चालक जाम में फंसने से बचने के लिए आवास विकास और अन्य वैकल्पिक मार्गों से निकलने लगे।

 

जानकारी के अनुसार, थार चला रहा जशन सिंह, निवासी लखीमपुर खीरी, इन दिनों हल्दूचौड़ में रहकर पढ़ाई कर रहा है। वह अपने साथियों के साथ रुद्रपुर से हल्दूचौड़ लौट रहा था। मेडिकल कॉलेज के पास पहुंचते ही पहले हल्का धुआं निकला, और कुछ ही मिनटों में पूरे वाहन ने आग पकड़ ली। लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते थार पूरी तरह जलकर राख बन गई।

 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, सीपीयू और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस कर्मियों ने जाम को वन-वे कर किसी तरह यातायात चालू कराया, जबकि दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि आग बुझने तक वाहन पूरी तरह खाक हो चुका था। भीड़भाड़ और जाम के कारण दमकल वाहन को मौके पर पहुंचने में भी देरी हुई।

 

घटना के बाद हाईवे पर यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *