February 16, 2026

रुद्रपुर में भीषण सड़क हादसा — नो इंट्री में घुसे कैंटर ने मचाई तबाही, साइकिल सवार की मौत, कार में सवार चार लोग बाल-बाल बचे

Spread the love

रुद्रपुर में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नो-इंट्री एरिया में घुस आए तेज रफ्तार आइसर कैंटर (आरजे-40-जीए-6815) ने अटरिया रोड मोड़ के पास 31वीं वाहिनी पीएसी पेट्रोल पंप के सामने आगे चल रही कार (यूपी 76 वी 6269) को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि उसमें सवार वसुंधरा कॉलोनी निवासी शिवलोक, उनकी पत्नी रोहिणी, बेटी ओजस्वी और बेटा रियांश बाल-बाल बच गए। चारों को मामूली चोटें आईं और प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।

 

लेकिन हादसा यहीं नहीं रुका। कैंटर ने उसी दौरान घर लौट रहे साइकिल सवार फैक्ट्री कर्मी को भी कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल हुए युवक की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। मृतक की पहचान 42 वर्षीय हरीश कुमार पुत्र राम बिहारी, निवासी सैंडोली मिलक, रामपुर (UP) के रूप में हुई है। वह सिडकुल की एक फैक्ट्री में काम करता था और रुद्रपुर इंदिरा कॉलोनी में किराए पर रहता था। रात करीब साढ़े नौ बजे वह ड्यूटी से घर लौट रहा था।

 

हादसे की सूचना मिलते ही आवास विकास चौकी प्रभारी प्रकाश चंद्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आइसर कैंटर को कब्जे में ले लिया। घायल हरीश को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कार सवार परिवार को निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया।

 

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी गई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *