“राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान: नव निर्वाचित जिला पंचायत सदस्यों के लिए पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ”

राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत नव निर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष और सदस्यों के लिए पांच दिवसीय अभिमुखीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत जिला पंचायत सभागार में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य ने दीप प्रज्वलित कर की। उन्होंने सदस्यों से आग्रह किया कि विभिन्न विभागों द्वारा दी जाने वाली प्रशिक्षण जानकारी को अच्छे से समझें, ताकि सरकार की विकास योजनाओं को जनता तक पहुँचाने में आसानी हो।
प्रशिक्षण सत्र में अपर मुख्य अधिकारी जी.के. भट्ट ने पंचायतीराज के गठन, 73वें संविधान संशोधन और त्रिस्तरीय पंचायतों के कार्यकलापों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही, जिला पंचायत के अधिकार एवं कर्तव्यों और विभागीय गतिविधियों की जानकारी भी दी गई। पंचायतीराज विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और सुदृढ़ीकरण हेतु नो-कॉस्ट और लो-कॉस्ट गतिविधियों एवं योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी साझा की।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी आशुतोष जोशी ने विभाग में संचालित विभिन्न योजनाओं और उनसे मिलने वाले लाभों के बारे में प्रशिक्षण सत्र में बताया। इस अभिमुखीकरण कार्यशाला में जिला पंचायत सदस्य सुषमा हालदार, सुरज नारायण, संगीता राणा, शिल्पी सिंह, आशादेवी, प्रेम प्रकाश, रीता कफलिया, भावना कोरंगा, सुनीता सिंह, चरनजीत सिंह, मौ० हसन, मौ० फुरकान, नईम अहमद, रजनी, शिल्की, रेखा रानी, मधुराणा, गुरदास कालडा, सीमा कौर, रूकमणी, योगेन्द्र सिंह डोबाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
