जनता को मिलेगा शुद्ध भोजन, मिलावट पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश

रुद्रपुर। अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र ने जिला सभागार में आयोजित जिला खाद्य सुरक्षा समिति की त्रैमासिक बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि जनस्वास्थ्य सरकार व प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी को सुरक्षित व शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना लक्ष्य है, जिसके लिए नियमित जांच और सैम्पलिंग को तेज किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मिलावटखोरी पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित किया जाए। दुग्ध उत्पाद, तेल और घी की सघन जांच की जाए तथा त्योहारों को देखते हुए अभियान चलाकर छापेमारी की जाए। अधोमानक व असुरक्षित खाद्य सामग्री पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई करने के आदेश दिए गए।
एडीएम ने कहा कि जनता को जागरूक करने के लिए पोस्टर, बैनर, प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का सहारा लिया जाए। साथ ही खाद्य सुरक्षा एप और टोल फ्री नंबर 1800112100 का प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि लोग सीधे शिकायत दर्ज करा सकें।
खाद्य सुरक्षा अभिहित अधिकारी डॉ. प्रकाश फुलारा ने जानकारी दी कि त्रैमास में 58 सैंपल लिए गए जिनमें 7 असुरक्षित और 1 अधोमानक पाया गया। 2021 से अब तक 1155 सैंपल की जांच की गई, जिनमें 205 फेल हुए और 193 पर वाद दर्ज कर 52 लाख रुपये का अर्थदंड लगाया गया।
इस दौरान 93 नए रेस्टोरेंट/होटल को लाइसेंस और 540 दुकानों का पंजीकरण किया गया। बैठक में एसीएमओ डॉ. हरेन्द्र मलिक, डॉ. अर्चना कुशवाहा, डीपीओ मुकुल चौधरी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
