February 16, 2026

यहां ‘पुष्पा भाऊ’ खा गया ‘शेखावत सर’ से मात! जानिए क्या है पूरा मामला…

Spread the love

किच्छा लोकपथ संदेश ब्यूरो
कहते हैं कि सिनेमा यथार्थ का प्रतिबिंब होता है। सिनेमाई कलाकार लोगों को सकारात्मक और नकारात्मक दोनों रूपों में प्रभावित करते हैं। दोनों ही पहलू हकीकत में भी कई बार दिखाई भी देते हैं। कुछ वर्ष पूर्व आई सुपर हिट फिल्म ‘पुष्पा’ के डायलॉग और इस फिल्म में सस्पेंस से भरे दृश्य यकीनन आज भी आपके जेहन में ताजा होंगे। लाल चंदन की तस्करी, पुष्पा भाऊ और शेखावत सर…पूरी फिल्म पुष्पा भाऊ और शेखावत सर इन दोनों अहम किरदारों के इर्द-गिर्द घूमती है। पुष्पा भाऊ का लाल चंदन की तस्करी के सिंडिकेट का सर्वेसर्वा बनना और शेखावत सर के साथ शह और मात का खेल…। अगर आपने यह फिल्म देखी होगी तो पुष्पा का सिंडिकेट में एंट्री करने वाला वह सीन भी आपको याद होगा जिसमें दूध के कैंटर की आड़ में पुष्पा भाऊ लाल चंदन की खेप को कई पुलिस वालों और कई बॉडर पुलिस की नजरों और चेकिंग से बचाकर मुकाम तक पहुंचा देता है। वहीं कुछ इसी से मिलते-जुलते अंदाज में झारखंड, बिहार और यूपी से होते हुए उत्तराखंड तक कई सौ किमी. की दूरी तय कर कई चेक पोस्ट में तैनात पुलिस कर्मियों को गच्चा देकर करीब 435 किलो गांजे की खेप के साथ एक कैंटर चालक उत्तराखंड में यूपी सीमा से लगे पुलभट्टा थाना क्षेत्र तक पहुंच गया। कैंटर में गांजे की तस्करी की इतनी बड़ी खेप लेकर पहुंचे कैंटर चालक को बीते गुरुवार को उत्तराखंड के किच्छा के पुलभट्टा थाना क्षेत्र में स्पेशल टॉस्क फोर्स और पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में दबोच लिया गया। फिल्म पुष्पा में भले ही पुष्पा भाऊ की तस्करी की नई तरकीब काम कर गई लेकिन उत्तराखंड में घुसते ही कैंटर चालक इस तरकीब से एसटीएफ और पुलिस के अधिकारियों से पार नहीं पा सका और मय गांजे की बड़ी खेप के साथ दबोच लिया गया।
एसएसपी ऊधमसिंह नगर मणिकांत मिश्रा ने बताया कि अभियुक्त राजू पुत्र रहमत अली निवासी ग्राम बेलवा थाना फरधान जिला लखीमपुर खीरी उप्र. के कब्जे से 434.748 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी ने कैंटर में चालक के कैबिन में ही ऊपर छत की ओर वेल्डिंग कर एक अलग स्पेस बनाया था। इसमें गांजे के पैकेट बनाकर रखे थे। जबकि कैंटर में पीछे की ओर कोई सामान नहीं रखा था। जिससे चेकिंग हो तो कैंटर खाली दिखे और पुलिस को शक न हो। उन्होंने बताया कि सटीक मुखबिरी के चलते कैंटर को थाना पुलभट्टा की सीमा पर रोक लिया गया। सघन तलाशी अभियान में करीब 434 किलो गांजा बरामद हो गया। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर बरामद माल को कब्जे में ले लिया है। वहीं कैंटर को भी कब्जे में लिया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *