February 16, 2026

रविन्द्र नगर वार्ड 37 में सुभाष राय को सौंपी कांग्रेस अध्यक्ष की कमान

Spread the love

रुद्रपुर। शहर के वार्ड 37 रविन्द्र नगर महानगर कांग्रेस की ओर से आयोजित कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा और महानगर अध्यक्ष सीपी शर्मा ने आगामी निकाय चुनावों को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ मंथन किया और तैयारी में जुटने का आहवान किया। इस दौरान महानगर अध्यक्ष सीपी शर्मा ने सभी की सहमति से वार्ड अध्यक्ष के लिए सुभाष राय के नाम की घोषणा की। सभी ने नवनियुक्त वार्ड अध्यक्ष का फूल मालाओं से स्वागत किया।

इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा, महानगर अध्यक्ष सीपी शर्मा, पार्षद मोहन खेड़ा, पूर्व सभासद राम किशन कन्नौजिया, पूर्व सभासद फुदेना साहनी, कांग्रेस नेता गोपाल भसीन, शिवपद सरकार का भी कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं से स्वागत किया। इस दौरान महानगर अध्यक्ष सीपी शर्मा ने कहा कि जब से रविन्द्र नगर वार्ड में भाजपा का पार्षद बना है तब से यहां पर विकास कार्य ठप हो गये हैं। जब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी तब इस वार्ड में स्कूल का निर्माण हुआ, दुर्गा पूजा स्थल का सौंदर्यीकरण किया गया। साथ ही सड़कों का भी कायाकल्प हुआं आज यहां पर विकास के नाम पर सिर्फ कोरी घोषणाएं हो रही है। भाजपा ने सुभाष पार्क का सौंदर्यीकरण का वायदा किया था लेकिन आज तक यह वायदा भी पूरा नहीं हुआ है। महानगर अध्यक्ष ने कहा कि अब समय आ गया है कि वार्ड की जनता को सोच समझकर अपने वोट का फैसला लेना होगा। उन्होंने सभी से आगामी निकाय चुनाव में कांग्रेस की जीत के लिए जुटने का आहवान किया।

जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा ने कहा कि रविन्द्र नगर कांग्रेस का गढ़ हुआ करता था लेकिन भाजपा नेताओं के बहकावे में आकर यहां की जनता आज पछता रही है। इस वार्ड में बाहर के व्यक्ति को पार्षद बनाकर भाजपा ने वार्डवासियों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने कहा आज वार्डवासियों को सरकारी राशन तक नहीं मिल पा रहा है। राशन के लिए लोगों को घंटों लाइन में लगने को मजबूर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस बार निकाय चुनाव में वार्ड का पार्षद और मेयर कांग्रेस का बनायें तभी इस वार्ड का भला होगा। वहीं कांग्रेस नेता रामकिशन कन्नौजिया ने वर्तमान पार्षद की तमाम नाकामियां भी गिनायी। कहा कि वार्ड में मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव है पार्षद और मेयर लगातार वार्ड की उपेक्षा कर रहे हैं। जिसके चलते इस बार वार्ड की जनता कांग्रेस का पार्षद चुनने का मन बना रही है। पूर्व सभासद फुदेना साहनी ने कहा कि जनता को भाजपा की हकीकत पता चल चुकी है। भाजपा वोट की खातिर लोगों को जाति धर्म के नाम पर लड़ाने का काम कर रही है। भाजपा की इस मानसिकता को लोग पहचान चुके हैं और उसे सबक सिखाने के लिए तैयार बैठे है। कांग्रेस नेता शिवपद सरकार ने कहा कि नगर निगम में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। गरीबों की बस्तियों में लगने वाले पैसे को बिल्डरों की कालोनियों में लगाया जा रहा है। नवनियुक्त वार्ड अध्यक्ष सुभाष राय ने अपनी नियुक्ति के लिए जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है उस पर पूरी निष्ठा से काम करेंगे।

इस अवसर पर सतीश राजपूत, अर्जुन विश्वास ,शिव कुमार विश्वकर्मा, बाबू विश्वकर्मा प्रेम, ईश्वर शर्मा,संतोष कुमार,सुनील कुमार, मानदार सरकार,अर्जुन विश्वकर्मा, बॉबी विश्वकर्मा, परितोष, शिवकुमारी देवी, पूजा रानी, मीना विश्वकर्मा, देवकी, हाजरा, भूरा, द्रोपती देवी, चंद्रा देवी, मुन्नी देवी, संजय, अशोक साह आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *