February 16, 2026

रुद्रपुर: भाजपा में वापसी की फिराक में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल

Spread the love

रुद्रपुर। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल भाजपा में वापसी की फिराक में हैं। सूत्रों की माने तो एक केंद्रीय मंत्री उनकी पैरवी कर रहे हैं। उधर, ठुकराल ने गदरपुर में भाजपा विधायक अरविंद पांडेय के होली मिलन समारोह शिरकत की और पांडेय की जमकर तारीफ की।

गौरतलब है कि भाजपा ने सिटिंग विधायक होने के बावजूद ठुकराल का टिकट काट दिया था, जिस पर बागी होकर ठुकराल ने विधान सभा का निर्दलीय चुनाव लड़ा था। उस वक्त उन्होंने भाजपा छोड़ दी थी। चुनाव हारने के बाद ठुकराल ने किसी पार्टी का दामन नहीं थामा। हालांकि कांग्रेस नेता यशपाल आर्य और पूर्व मंत्री व विधायक तिलकराज बेहड़ भी ठुकराल के आवास पर गए। तब यह माना जा रहा था की ठुकराल कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं, लेकिन ठुकराल भाजपा में ही वापसी चाहते हैं, ऐसी चर्चा सियासी गलियारों में है। वैसे भी ठुकराल की छवि हिन्दू नेता के रूप में है।

सूत्र बताते हैं कि केंद्रीय मंत्री ठुकराल की भाजपा में वापसी की पैरवी कर रहे हैं। उन्हें ठुकराल बहुत प्रिय हैं। ठुकराल ने गदरपुर में विधायक अरविंद पांडेय द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह में शिरकत की। मंच से ठुकराल जिन्दाबाद के नारे लगे। ठुकराल ने अपने संबोधन में विधायक अरविंद पांडेय और पूर्व सांसद बलराज पासी की जमकर तारीफ की। विधायक अरविंद पांडेय ने भी ठुकराल को हिन्दू हृदय सम्राट बताया।

इसे राजनीतिक चश्मे से देखे तो होली मिलन समारोह में ठुकराल का शिरकत करना भी यह संकेत दे रहा है कि वह भाजपा में ही रुचि रखते हैं। भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता भी ठुकराल की वापसी के पक्ष में बताए जाते हैं।

इस संबंध में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल का कहना है कि भाजपा में वापसी के लिए उन्होंने किसी भाजपा नेता से संपर्क नहीं किया और अभी उन्होंने कुछ सोचा भी नहीं है। विधायक अरविंद पांडेय ने होली मिलन समारोह में सम्मान से बुलाया तो वे गए। यह विधायक का कार्यक्रम था, न कि भाजपा का। उन्हें सम्मान से कोई बुलाएगा तो वह जरूर जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *