न्यूज़ीलैंड भेजने के नाम पर 22.78 लाख की ठगी, पहले वीज़ा फिर प्लॉट का झांसा, अंत में धमकी

रूद्रपुर।
जनपद उधम सिंह नगर के रूद्रपुर क्षेत्र से विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का गंभीर मामला सामने आया है। बिन्दुखेड़ा निवासी जसप्रीत सिंह ने कोतवाली रुद्रपुर में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि कुछ लोगों ने न्यूज़ीलैंड वर्किंग वीज़ा दिलाने का लालच देकर उससे और उसके मित्र से कुल 22 लाख 78 हजार रुपये हड़प लिए और बाद में पैसा मांगने पर धमकी तक दी।
पीड़ित के अनुसार, मई 2023 में उसकी मुलाकात विशाल कुमार शर्मा नामक व्यक्ति से काशीपुर स्थित उसके कार्यालय में हुई। विशाल ने अपने साथी आवेज के साथ मिलकर खुद को विदेश भेजने वाला एजेंट बताते हुए न्यूज़ीलैंड वर्किंग वीज़ा, एयर टिकट और अन्य खर्चों के नाम पर कुल 28 लाख रुपये की मांग की। विशाल और आवेज की बातों में आकर जसप्रीत सिंह ने 11 लाख रुपये और उसके मित्र आयुषमान सिंह ने 2 लाख रुपये अलग-अलग तिथियों पर आरोपियों के खातों में जमा करा दिए।
इसके बाद 4 अप्रैल 2024 को आरोपियों ने दोनों युवकों को न्यूज़ीलैंड का वर्किंग वीज़ा उपलब्ध करा दिया, जिससे उनका भरोसा और बढ़ गया। लेकिन इसके बावजूद कई महीनों तक न तो एयर टिकट दिया गया और न ही विदेश भेजा गया। करीब एक वर्ष बीत जाने के बाद भी जब कोई प्रगति नहीं हुई, तो पीड़ितों ने आरोपियों से जवाब मांगा।
मामला बढ़ने पर 29 दिसंबर 2024 को एक पंचायत बुलाई गई, जिसमें दोनों पक्षों के कुछ लोग शामिल हुए। पंचायत में यह तय हुआ कि पीड़ितों की रकम की भरपाई के लिए खड़कपुर देवीपुरा, काशीपुर स्थित 2000 वर्गफुट का एक प्लॉट दिया जाएगा। प्लॉट की कीमत 24 लाख रुपये तय की गई और यह समझौता हुआ कि पीड़ित पहले दिए गए 13 लाख रुपये समायोजित कर शेष 11 लाख रुपये आरोपियों को देंगे, जिसके बाद प्लॉट की रजिस्ट्री जसप्रीत सिंह के नाम कर दी जाएगी।
आरोप है कि पंचायत के बाद जसप्रीत सिंह ने तय धनराशि भी अलग-अलग तिथियों में आरोपियों और उनके सहयोगियों के खातों में जमा कर दी। लेकिन इसके बावजूद रजिस्ट्री टालती रही। जब पीड़ित ने स्वयं जांच कराई तो उसे पता चला कि जिस प्लॉट की बात की जा रही है, वह पहले से ही किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर पंजीकृत है।
इसके बाद भी पीड़ित द्वारा कई बार पंचायत और बातचीत का प्रयास किया गया, लेकिन हर बार उसे सिर्फ आश्वासन दिया गया। आरोप है कि 23 सितंबर 2025 को जब पीड़ित ने दोबारा पैसा मांगा तो आरोपियों ने खुलेआम कहा कि उनकी पुलिस से साठ-गांठ है और वे पैसा वापस नहीं करेंगे।
पीड़ित जसप्रीत सिंह ने अब कोतवाली रुद्रपुर में लिखित तहरीर देकर ठगी, धोखाधड़ी और धमकी के आरोपों में मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई और अपनी पूरी रकम वापस दिलाने की मांग की है।
