February 16, 2026

गोवा नाइट क्लब आग में उत्तराखंड के नौ लोगों की मौत; अल्मोड़ा–बागेश्वर के एक ही परिवार के चार सदस्य जले, केवल भावना कबड़वाल बचीं; प्रशासन ने जांच और सहायता प्रक्रिया तेज की।”

Spread the love

गोवा के एक नाइट क्लब में शनिवार रात हुए भीषण अग्निकांड ने उत्तराखंड के एक पूरे परिवार को तबाह कर दिया। छुट्टियां मनाने गए पांच सदस्यों के इस परिवार में से चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक महिला किसी तरह जान बचाकर बाहर निकल आई। मृतकों में अल्मोड़ा और बागेश्वर के निवासी शामिल हैं, जिनमें तीन सगी बहनें भी थीं। यह हादसा न सिर्फ परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गहरी त्रासदी बन गया है।

 

जानकारी के अनुसार, मूल रूप से अल्मोड़ा के बाड़ी धारकोट गांव निवासी विनोद कबड़वाल अपनी पत्नी भावना, भाभी कमला कबड़वाल तथा दोनों साली अनीता और सरोज जोशी के साथ गोवा घूमने गए थे। शनिवार रात सभी लोग नाइट क्लब में मौजूद थे, तभी क्लब अचानक आग की लपटों में घिर गया। अफरा-तफरी के बीच विनोद, कमला, अनीता और सरोज आग की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हालांकि विनोद की पत्नी भावना किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहीं, लेकिन गहरे मानसिक सदमे में हैं।

 

द्वाराहाट एसडीएम सुनील कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन पीड़ित परिवार के संपर्क में आया। मृतकों के परिजन दिल्ली के लिए रवाना हो चुके हैं, जहां अंतिम संस्कार किया जा रहा है। गांव के लोग लगातार दिल्ली और गोवा में मौजूद रिश्तेदारों से संपर्क बनाए हुए हैं। ग्रामीणों ने इस दर्दनाक हादसे की निष्पक्ष जांच की मांग की है ताकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता चल सके।

 

इस त्रासदी में उत्तराखंड के कुल नौ लोगों की जान गई है, जिनमें दो टिहरी निवासी भी शामिल हैं। घटना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा शोक व्यक्त किया है और गोवा सरकार से प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। गोवा के मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया है कि सभी पीड़ितों को आवश्यक सहयोग प्रदान किया जा रहा है।

 

हादसे के बाद बाड़ी धारकोट और बागेश्वर क्षेत्र में शोक की लहर है, लोग पीड़ित परिवारों के दुख में सहभागी बनकर उन्हें सांत्वना दे रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *