वर्क फ्रॉम होम के टास्क का झांसा देकर साइबर ठगों ने मंगेतर से 1.93 लाख रुपये उड़ाए, पुलभट्टा थाना क्षेत्र में मुकदमा दर्ज

ऑनलाइन वर्क फ्रॉम होम के बढ़ते चलन का फायदा उठाकर साइबर ठगों ने एक युवती और उसके मंगेतर को निशाना बनाते हुए 1.93 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित, जो थाना पुलभट्टा क्षेत्र निवासी है, ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत में युवक ने बताया कि उसकी मंगेतर, जो बहेड़ी (जिला बरेली, यूपी) की निवासी है, ऑनलाइन माध्यम से वर्क फ्रॉम होम जॉब की तलाश कर रही थी। इसी दौरान तीन नवंबर को उसके मोबाइल पर व्हाट्सऐप के जरिए एक मैसेज आया। सामने वाले ने खुद को एनएसई कॉर्पोरेट ऑफिस का एचआर असिस्टेंट बताते हुए ऑनलाइन जॉब का ऑफर दिया।
युवती ने इसकी जानकारी मंगेतर को दी। घर बैठे काम मिलने की उम्मीद में दोनों ने इस प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया। ठगों ने युवती को टेलीग्राम पर भेजे गए लिंक को एक्सेस करने के लिए कहा, जिसके बाद उसे होटल फूड के रिव्यू देने का टास्क दिया गया।
विश्वास जमाने के लिए साइबर ठगों ने पहले उसके बैंक खाते में 110 और 200 रुपये भेजे। इससे पीड़ित को लगा कि जॉब असली है और भुगतान भी मिलेगा। इसी भरोसे के साथ उसने ठगों के बताए अनुसार कुल 1 लाख 93 हजार रुपये उनके खातों में ट्रांसफर कर दिए।
इसके बाद जब ठगों ने एक और एक लाख रुपये की मांग की, तब युवक को शक हुआ। जांच करने पर पता चला कि पूरा सेटअप एक संगठित साइबर धोखाधड़ी गिरोह का हिस्सा है जो रिव्यू टास्क, ऑनलाइन जॉब और निवेश के नाम पर लोगों से बड़ी रकम ऐंठ रहा है।
पीड़ित के मुताबिक वह और उसकी मंगेतर मानसिक रूप से बेहद परेशान हैं और उन्होंने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) तथा आईटी एक्ट के तहत अज्ञात साइबर ठगों पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस संदिग्ध लिंक, मोबाइल नंबर और बैंक लेनदेन की बारीकी से पड़ताल में जुटी है।
