बिना सुरक्षा के चल रहे वाटर पार्क, मासूम की मौत से सवालों में सुरक्षा इंतजाम

भीषण गर्मी में राहत पाने का सपना मासूम की जान ले गया। बुधवार को बौर जलाशय के टूरिस्ट डेस्टिनेशन में 7 साल की बच्ची की स्विमिंग पूल में डूबने से मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है।
मृतक संजीव वाला की बेटी थी, जो परिवार के साथ स्विमिंग पूल में गई थी। जब बच्ची डूबने लगी तो न कोई प्रशिक्षित गार्ड मौजूद था और न ही कोई सुरक्षा उपकरण।
दिनेशपुर वार्ड नंबर तीन निवासी संजीव ने बताया कि “हमने बच्ची के लिए कोई मदद नहीं देखी, कोई प्रशिक्षित गाइड नहीं था, कोई प्राथमिक सुरक्षा नहीं थी। बस टिकट बेचकर पैसा कमाने की होड़ थी।
नगर क्षेत्र में कई वाटर पार्क और स्विमिंग पूल बिना किसी सरकारी निगरानी के खुलेआम संचालित हो रहे हैं। न सुरक्षा के मानक पूरे किए जाते हैं और न ही बचाव के लिए गार्ड तैनात किए जाते हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इन सभी वाटर पार्क्स की तुरंत जांच की जाए और जो बिना अनुमति या मानकों के चल रहे हैं, उन पर कठोर कार्रवाई की जाए, मासूम की मौत ने फिर से यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर कब तक बिना सुरक्षा मानकों के वाटर पार्क संचालित होते रहेंगे? क्या अगली बार कोई और मासूम इसका शिकार बनेगा?
